सुबह उठने पर क्यों आती है मुंह से बदबू? जानिए एक्सपर्ट से...

सुबह उठने पर क्यों आती है मुंह से बदबू? जानिए एक्सपर्ट से...

सेहतराग टीम

हम रोजाना सुबह उठते है तो हमारे मुंह से बदबू आती है। यह अक्सर सभी लोगों के साथ होता है। इसलिए सुबह उठने के बाद सभी लोग ब्रस करते हैं। लेकिन ये होता क्यों है यह जानना जरुरी है। आपको बता दें कि सुबह उठने पर मुंह से थोड़ी बदबू आना सामान्य है लेकिन अगर यह ज्यादा हो जाए तो आप तुरंत डॉक्टर के पास जाएं, क्योंकि आपको कोई गंभीर बीमारी हो सकती है। वैसे कुछ लोगों के मुंह से परमानेंट बदबू आती है। ऐसे लोगों के पास खड़े होकर बात करना मुश्किल हो जाता है। मुंह की बदबू के कारण कई बार लोगों को शर्मिंदा भी होना पड़ता है। लेकिन अमेरिकल डेंटल एसोसिशन के डॉ. Sally J. Cram के अनुसार मुंह से सुबह-सुबह बदबू आना सामान्य बात है।

पढ़ेंं- कोरोना वायरस की हर जानकारी और मदद के लिए यहां देखें राज्यवार हेल्पलाइन नंबर

सुबह क्यों आती है मुंह से बदबू?

  • डॉ. सैली के अनुसार सुबह जब आप सोकर उठते हैं तो लगभग 6-9 घंटे की नींद के बीच आपका मुंह पानी न पीने से सूख जाता है। ऐसे में मुंह के सूखेपन के कारण अंदर बैक्टीरिया तेजी से पनपने लगते हैं और यही बैक्टीरिया बदबू का कारण बनते हैं।
  • डॉ. सैली कहती हैं, "जब आप सो रहे होते हैं, तो आपके मुंह में थूक का स्तर सामान्य से घट जाता है, जिसके कारण मुंह की अंदरूनी पर्त में सूखापन आ जाता है। यही कारण है कि जब आप सुबह उठते हैं तो आपके मुंह से बदबू आती है।

कुछ लोगों के मुंह से क्यों आती है ज्यादा बदबू?

डॉ. सैली के अनुसार कुछ लोगों के मुंह से सामान्य बातचीत करते हुए भी बदबू आती है। मुंह की सफाई में गलती या आपका सांस लेने का तरीका भी इसका एक बड़ा कारण हो सकता है। जो लोग नाक की बजाय मुंह से सांस लेते हैं या जिन्हें खर्राटे की समस्या होती है, उनके मुंह से ज्यादा बदबू आती है।

इसके अलावा कई तरह की दवाओं का सेवन करने के कारण, एलर्जी के कारण या धूम्रपान करने के कारण भी लोगों के मुंह से सामान्य से ज्यादा दुर्गंध आती है। आइए आपको बताते हैं कि आप इस दुर्गंध को दूर करने के लिए क्या कर सकते हैं।

रोजाना 2 बार ब्रश करें

अगर आपके मुंह से बदबू आती है, तो आपको अपने मुंह की सफाई में कोई गलती नहीं करनी चाहिए। रोजाना  2 बार कम से कम 2-3 मिनट तक अपने दांतों को फ्लोराइडयुक्त मंजन से जरूर साफ करें। जबकि ज्यादातर लोग 35 सेकंड से 1 मिनट में ही दांतों को ब्रश करके कुल्ला कर लेते हैं। सुबह उठने के बाद और रात में सोने से पहले ब्रश जरूर करें। और ब्रश करने के बाद कुछ भी न खाएं।

ब्रश करते समय भी इस बात का ध्यान रखें कि आप अपने दांतों के साथ-साथ जीभ और दांतों के भीतरी हिस्से की भी अच्छी तरह सफाई कर रहे हैं। अगर आप पूरे मुंह की सही से सफाई नहीं करेंगे, तो बदबू का कारण बनने वाले बैक्टीरिया पूरी तरह साफ नहीं होते हैं।

माउथ वॉश से करें कुल्ला

माउथ वॉश मुंह से आने वाली बदबू को रोकने का स्थाई समाधान तो नहीं है, मगर हां, अगर आप किसी से मिलने जा रहे हैं या प्राइवेट मोमेंट्स एंजॉय करना चाहते हैं, तो माउथ वॉश आपके लिए अच्छा विकल्प है। माउथ वॉश के प्रयोग से भी आपके मुंह में मौजूद जर्म्स और बैक्टीरिया समाप्त होते हैं और बदबू दूर हो जाती है। माउथ वॉश को मुंह में कम से कम 30 सेंकेंड तक रखने के बाद ही कुल्ला करें, ताकि सारे बैक्टीरिया मर सकें।

फ्लॉस करना भी है जरूरी

दांतों के बीच जमा खाना और दूसरे पार्टिकल्स सिर्फ ब्रश करने से नहीं निकल सकते हैं क्योंकि ब्रश आपके दांतों के बीच में पहुंचकर इसकी सफाई नहीं कर सकता है। इसलिए दांतों के बीच के स्पेस को साफ करने के लिए फ्लॉसिंग भी जरूरी है। फ्लॉसिंग के लिए आप ग्रॉसरी या मेडिकल शॉप पर फ्लॉस पूछ सकते हैं। ये एक पतला धागा होता है, जिससे दांतों के बीच की सफाई की जाती है।

(साभार-देैनिक जागरण)

 

इसे भी पढ़ें-

दांत के साथ जीभ साफ करना है जरुरी, जानें इसके फायदे

 

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।